
भाजपा नेता किशोर राय पर घर तुड़वाने का आरोप, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर-एसएसपी से लगाई गुहार
बिलासपुर। शहर के पूर्व महापौर और भाजपा नेता किशोर राय के खिलाफ एक व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर और एसएसपी से शिकायत की है। रवि यादव नामक व्यक्ति का आरोप है कि उनके मकान पर जबरन बुलडोजर चलवाकर तोड़फोड़ की गई और विरोध करने पर पुलिस ने उनकी शिकायत तक दर्ज नहीं की। पीड़ित का कहना है कि कार्रवाई के बाद उसका परिवार बेघर हो गया है और न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
रवि यादव ने लिखित शिकायत में बताया कि 18 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे किशोर राय अपने साथ तहसील कार्यालय के माल जमादार, कुछ पुलिसकर्मियों और एक एक्सीवेटर मशीन के साथ उसके घर पहुंचे। आरोप है कि बिना किसी वैधानिक आदेश के घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। यादव का कहना है कि उन्होंने व्यवहार न्यायालय के व्य.वाद.क्र. 95 ए/2026 से संबंधित दस्तावेज दिखाकर बताया कि आदेश केवल खुली भूमि का कब्जा दिलाने का है, मकान तोड़ने का नहीं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
पीड़ित के अनुसार जब वह दस्तावेज लेकर सिविल लाइन थाना रिपोर्ट दर्ज कराने गया तो वहां भी उसकी शिकायत नहीं लिखी गई। उसका आरोप है कि सुबह लगभग 11 बजे से रात 8 बजे तक उसे थाने में बैठाए रखा गया, जबकि इसी दौरान पुलिस और राजस्व अमले की मौजूदगी में उसके घर में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया गया।
रवि यादव ने यह भी आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के दौरान उसकी पत्नी कुसुम यादव के साथ धक्का-मुक्की हुई, जिससे वह बेहोश हो गई और उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उसके बच्चे वानिया यादव, कमल यादव और मुस्कान यादव घटना के बाद से डरे-सहमे हैं और उनकी परीक्षाएं भी चल रही हैं।
शिकायत में बताया गया है कि यह मकान वर्ष 1983 में उसके पिता संतराम यादव द्वारा खरीदी गई जमीन पर बना है और परिवार लंबे समय से वहीं रह रहा था। मकान टूटने के बाद घर का सामान कहां गया इसकी जानकारी नहीं है। पीड़ित का दावा है कि घर में करीब दस लाख रुपये का सामान रखा था।
रवि यादव ने कलेक्टर और एसएसपी से मामले की जांच कर थाना सिविल लाइन बिलासपुर को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की है।
एसपी ऑफिस में मिलने नहीं देने का आरोप-
रवि यादव ने पत्रकारों को बताया कि वह शिकायत लेकर एसपी कार्यालय भी गया था, लेकिन वहां शिकायत शाखा में पदस्थ अधिकारी ने उसे एसपी से मिलने नहीं दिया और कहा कि आप पुलिस के खिलाफ शिकायत कर रहे हैं, इसलिए मुलाकात नहीं हो सकती। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
यह कार्यवाई तहसील से मिले आदेश पर माल जमादार द्वारा की गई है।मैं अपने जगह सही हूँ,यह प्रकरण पहले से न्यायलय में चल रहा है- किशोर राय, (पूर्व महापौर)
