
सेमरताल में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व योग दिवस
सेमरताल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरताल, शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय प्राथमिक शाला सेमरताल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में योग शिक्षक एवं व्याख्याता अनिल कुमार वर्मा, योग शिक्षिका एवं प्रधान पाठिका शांति तिर्की तथा योग शिक्षिका व्याख्याता पद्मा द्विवेदी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम सरल तरीके से कराए।
योग सत्र में भ्रामरी, भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम, वज्रासन, शशकासन, तितली आसन, ताड़ासन, वृक्षासन और मंडूक आसन के साथ ओम् का उच्चारण कराया गया। इस अवसर पर संकुल प्राचार्य राजेश शर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने से जीवन में सुख, शांति और स्वास्थ्य बना रहता है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं संकुल समन्वयक ओमप्रकाश वर्मा ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की सक्रिय सहभागिता से योग दिवस का आयोजन सफल रहा। उन्होंने संकुल की ओर से सभी विद्यालयों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव विजय सूर्यवंशी की विशेष उपस्थिति रही। वहीं व्याख्याता अदिति दुबे, शैली यादव, अभिलाषा मिश्रा, प्रधान पाठिका इंदिरा कश्यप, नीलिमा निकोसे, राधा टंडन, शशि श्रीवास्तव, बीना ठाकुर और नमिता मिश्रा भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर प्रधान पाठिका शांति तिर्की का जन्मदिन भी मनाया गया। उन्होंने योग प्रतिभागियों के बीच केक एवं चना-गुड़ वितरित कर खुशी साझा की। योग दिवस आयोजन में मध्यान्ह भोजन प्रभारी पद्मावती मरावी एवं सेवती सूर्यवंशी का विशेष सहयोग रहा।
