स्वामी आत्मानंद विद्यालय तिफरा में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ योगाभ्यास
बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय तिफरा में योगाभ्यास कार्यक्रम उत्साह, उमंग और उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। नीट परीक्षा के चलते एक दिन पहले आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग – स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” रही।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप, पतंजलि परिवार से विशेष आमंत्रित सदस्य भूषणलाल कश्यप, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन से जय कौशिक, कृष्ण कुमार कश्यप तथा संकुल समन्वयक सुनील पांडेय सहित तिफरा संकुल के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।

योग मित्र एवं व्याख्याता जय कौशिक ने “घर-घर योग, हर घर योग” का संदेश देते हुए सभी को योग सेवा का संकल्प दिलाया। उन्होंने योग के आध्यात्मिक, शारीरिक और मानसिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान भूषणलाल कश्यप ने योगाभ्यास कराया और देशभक्ति गीतों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप ने योग को जनआंदोलन के रूप में घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया और सभी से नियमित योग अपनाने की अपील की।
