
आजीवन कारावास की सजा काट रहे 82 वर्षीय बंदी की इलाज के दौरान मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
तबीयत बिगड़ने पर सिम्स भेजा गया था बंदी, जेल प्रशासन ने जताई हार्ट अटैक की आशंका; परिजनों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 82 वर्षीय बंदी की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। बंदी की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की पहचान सुखराम साहू (82), पिता स्व. शिवदयाल साहू, निवासी यादव मोहल्ला, तिफरा, बिलासपुर के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
जानकारी के अनुसार सुखराम साहू वर्ष 1997 में हत्या के मामले में जेल भेजा गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। वर्ष 2014 में न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद से वह केंद्रीय जेल में निरुद्ध था। मंगलवार को जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। वहीं सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों पर अंतिम रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
जेल में बंदी की मौत से फिर उठे सवाल
केंद्रीय जेल में बंदी की मौत के बाद एक बार फिर जेल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले भी जेल में बंदियों की मौत और आपसी मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं को लेकर जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर चर्चा तेज हो गई है।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच कराई जाए तथा जेल में मौजूद बंदियों और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए।
“प्रारंभिक जांच में बंदी की मृत्यु हृदयाघात से होना प्रतीत हो रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।”
— खोमेश मंडावी, जेल अधीक्षक, केंद्रीय जेल बिलासपुर
