
रतनपुर के जंगल में 8 फीट का मगरमच्छ मृत मिला, शरीर पर चोट के निशान मिलने से बढ़ी रहस्य की परतें
बिलासपुर। रतनपुर वन परिक्षेत्र के चापीडेम क्षेत्र स्थित पचरा गांव के पास रविवार को करीब आठ फीट लंबा मगरमच्छ मृत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मगरमच्छ की उम्र लगभग छह वर्ष आंकी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मगरमच्छ के शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए, जिससे उसकी मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मौके पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर प्रकाश सिंह छतरी सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद मगरमच्छ का पोस्टमार्टम कराया गया तथा वन विभाग की मौजूदगी में पचरा गांव में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने के साक्ष्य मिलते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहा है।
