ग्लासगो में छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल, ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत पदक
रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। ग्लासगो में आयोजित प्रतियोगिता के 53 किलोग्राम भार वर्ग में उन्होंने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।
ज्ञानेश्वरी यादव की इस ऐतिहासिक सफलता पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों की मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की इस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का भी गौरव बढ़ाया है।
मंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। आज प्रदेश की बेटियां खेल, शिक्षा, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ज्ञानेश्वरी यादव की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायी उदाहरण है और इससे राज्य की हजारों युवतियों को अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें हर संभव प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई सफलताएं हासिल कर सकें।
