
होटल शिवा इन की छत पर हुक्का पार्टी, कार्रवाई में संचालक पकड़ा
बिलासपुर। बोदरी स्थित एक होटल की छत पर अवैध रूप से हुक्का और तंबाकू युक्त फ्लेवर पिलाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया और मौके से हुक्का संचालित करने में उपयोग होने वाला सामान तथा नगदी जब्त की गई।
दरअसल पुलिस द्वारा 8 मार्च को बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर हुक्का संचालन की सूचना मिलने पर दबिश दी गई। मौके पर सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष), पिता ओम प्रकाश गुप्ता, निवासी बोदरी को हुक्का संचालित करते पाया गया।
तलाशी में 12 हुक्का पॉट, 6 पैकेट कोयला कोको जेल, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, 1 कोल हीटर, 3 प्लास्टिक डिब्बों में अलग-अलग तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5000 रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत कार्रवाई की गई है।
