
चलती कार की सनरूफ से रीलबाजी, वायरल वीडियो ने खोली लापरवाही की पोल
कोनी-सेंदरी मार्ग पर जान जोखिम में डालकर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग तेज
बिलासपुर। शहर के व्यस्त कोनी-सेंदरी मार्ग पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाना कुछ युवतियों को भारी पड़ सकता है। इस खतरनाक करतब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों ने संबंधित वाहन चालक और रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल कोनी-सेंदरी रोड पर एक कार में सवार युवतियां चलते वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर मोबाइल से वीडियो बनाती नजर आईं। इस दौरान न तो उनकी सुरक्षा का ध्यान रखा गया और न ही सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की। पीछे चल रहे वाहन में सवार लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
यह मार्ग गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों से जुड़ा हुआ है। दिनभर इस सड़क पर भारी यातायात रहता है। ऐसे में चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाना न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस स्टंटबाजी और रीलबाजी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया कि यदि स्टंटबाजी या रील बनाने जैसी गतिविधियों में नाबालिग शामिल पाए जाते हैं तो उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी जाती है और माफीनामा लिया जाता है। दोबारा ऐसी हरकत सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। सड़क पर स्टंटबाजी और रीलबाजी से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
