
रायपुर में बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, भारतीय दस्तावेज मिलने से मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान शेख रेहान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह काफी समय से रायपुर में रह रहा था और यहां मैकेनिक के रूप में काम करता था। पुलिस ने उसे टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके से पकड़ा।
पुलिस द्वारा बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान शेख रेहान पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। लगातार जांच और जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को उसके संजय नगर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद
पुलिस के मुताबिक, युवक के पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। इन दस्तावेजों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये दस्तावेज वास्तविक हैं या नहीं और यदि वास्तविक हैं, तो इन्हें किस प्रक्रिया के तहत जारी किया गया।
पुलिस युवक से भारत आने, रायपुर में रहने, यहां काम करने और भारतीय दस्तावेज हासिल करने से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। उसके बयान और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही युवक से संबंधित अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
