
लीलागर नदी में डूबी महिला का चार दिन बाद मिला शव
चार दिन तक चला सर्च ऑपरेशन, झरझरा घाट के पास बरामद हुआ शव
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के विद्याडीह टांगर स्थित लीलागर नदी डेम में चार दिन पहले डूबी महिला का शव बुधवार सुबह सोन गांव के पास झरझरा घाट में बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान जेवरा निवासी रामाबाई चौहान (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रामाबाई चौहान 16 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे अपने मायके जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान विद्याडीह टांगर लीलागर नदी डेम के पास अचानक पैर फिसलने से वह नदी में गिर गईं। नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण वह बह गईं और लापता हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी कमला पूसाम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम ने गोताखोरों की मदद से लगातार चार दिनों तक नदी में महिला की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह सोन गांव के ग्रामीणों ने झरझरा घाट के पास नदी में महिला का शव तैरता देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पूसाम ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। शव को नदी से बाहर निकलवाकर परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान रामाबाई चौहान के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
