
बीमार छात्रा से कुर्सी साफ कराने का मामला, कलेक्टर ने लिया संज्ञान
मस्तूरी के बेलटुकरी स्कूल में घटना, प्रधान पाठक को तीन दिन में जवाब देने का नोटिस
बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बीमार छात्रा से कुर्सी साफ करवाने का मामला सामने आया है। बताया गया कि छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। स्कूल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि छात्रा को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उससे ही गंदी हुई कुर्सी साफ करवाई गई।
घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधान पाठक भारती खांडे को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में प्रधान पाठक से घटना के संबंध में तीन दिवस के भीतर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन द्वारा मामले में संबंधित पक्षों से तथ्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
