
महिला शिक्षक सम्मेलन की तैयारियों पर शिक्षा मंत्री से चर्चा
19-20 सितंबर को महासमुंद में होगा प्रांतीय स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के तत्वावधान में 19 एवं 20 सितंबर को महासमुंद में आयोजित होने वाले प्रांत स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन को लेकर संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से विस्तार से चर्चा की। प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह एवं प्रांताध्यक्ष संजय सिंह ने शिक्षा मंत्री को सम्मेलन की रूपरेखा और सत्रवार कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान प्रांतीय प्रवक्ता अत्रि प्रताप सिंह ने सम्मेलन की अंतिम सत्रवार कार्यक्रम विवरणिका प्रस्तुत की।
महासमुंद के आई.आर. रिसॉर्ट, भलेसर मार्ग में आयोजित होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य नारी जागरण, सशक्तिकरण एवं समाज निर्माण में महिला शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करना है। सम्मेलन का उद्घाटन 19 सितंबर की शाम 6 बजे होगा। इसके बाद बौद्धिक सत्र में ‘मातृशक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला’ विषय पर चर्चा होगी। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गीत, कविता, गजल, हास्य एवं अन्य प्रस्तुतियां होंगी।
20 सितंबर को सुबह जागरण सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसमें एकात्मता स्रोत, व्यायाम, योग एवं प्राणायाम कराया जाएगा। इसके बाद ‘महिला शिक्षक-चुनौतियां और समाधान’ तथा ‘राष्ट्र निर्माण में महिला शिक्षकों की भूमिका’ विषय पर प्रबोधन एवं संबोधन सत्र होंगे। खुले सत्र में महिला शिक्षकों को अपने स्वतंत्र विचार रखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद सम्मान सत्र और ‘समाज परिवर्तन की दिशा में पंच परिवर्तन’ विषय पर वैचारिक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। सम्मेलन का समापन शाम 3 से 4 बजे तक होगा, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन की विशेषता यह होगी कि सभी सत्रों की जिम्मेदारी महिला पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी। साथ ही सभी जिलाध्यक्षों से एक-एक महिला का नाम सम्मान के लिए देने को कहा गया है। संघ ने प्रदेशभर की महिला शिक्षकों से सम्मेलन में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर महामंत्री मनोज राय, कार्यकारी अध्यक्ष उमेश भारतीय गोस्वामी, मीडिया प्रभारी टिकेश ठाकुर सहित संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
