
हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की गीता-मधु का जलवा, भारत की जीत में निभाई अहम भूमिका
बहतराई खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में दागे चार-चार गोल
बिलासपुर। चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों गीता यादव और मधु सिदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन किया और चार-चार गोल दागकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बिलासपुर की हॉकी अकादमी के साथ ही छत्तीसगढ़ का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टीम के मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों ने लगातार प्रभावी प्रदर्शन किया। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने गोल कर भारत की जीत में अहम योगदान दिया। इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम ने 11-1 से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में भी छत्तीसगढ़ की दोनों खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में गीता यादव और मधु सिदार ने दो-दो गोल किए। प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने कुल चार-चार गोल दागे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गीता यादव और मधु सिदार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही विभाग की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार तथा बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद रहे।
