
एक साथ जले 10 लाख दीप, ‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया बिलासपुर
पुलिस मैदान में 1.25 लाख दीप प्रज्वलित, सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ भव्य आयोजन
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में हुआ, जहां एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। वहीं शाम करीब 7 बजे जिलेभर में लगभग 10 लाख दीप एक साथ जलाए गए। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से बिलासपुर जगमगा उठा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी दीप जलाए। दीपों की रोशनी से पुलिस परेड ग्राउंड का पूरा परिसर आकर्षक नजर आया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
25 वर्षों की जनसेवा का उल्लेख
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा के प्रति समर्पण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाने का काम किया गया है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकास को आगे बढ़ाने की बात भी कही।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से लाखों लोगों ने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। नगर निगम महापौर पूजा विधानी ने कार्यक्रम को सेवा और जनभागीदारी की भावना से जुड़ा आयोजन बताया तथा इसमें शामिल नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रति आभार जताया।
स्वच्छता कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने शहर और जिले को स्वच्छ रखने में उनके योगदान की सराहना की। स्वच्छता कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी रोशन हुए दीप
जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप जलाए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा विभिन्न गांवों में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।
शाम करीब 7 बजे शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए गए। महिला स्व-सहायता समूहों ने दीप प्रज्वलन में सहयोग किया। जल जनसेवा संकल्प के तहत बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाए गए। जिलेभर में एक साथ जले करीब 10 लाख दीपों ने बिलासपुर को रोशनी से भर दिया।
