दिल्ली में छत्तीसगढ़ के समाजसेवी प्रवीण झा सम्मानित
बिलासपुर। नई दिल्ली में आयोजित बिहारी स्वाभिमान सम्मेलन 2026 में छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रवीण चंद्र झा को सामाजिक सरोकारों, सेवा कार्यों और उद्योग के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेजर जनरल जी.डी. बख्शी की विशेष मौजूदगी रही। प्रवीण झा अपनी पत्नी कल्पना झा के साथ सम्मेलन में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मंच पर प्रवीण झा को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अतिथि मौजूद रहे। उनके सामाजिक एवं सेवा कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान के बाद प्रवीण झा ने कहा कि किसी भी सम्मान की वास्तविक खुशी तब होती है, जब वह समाज और लोगों के लिए किए गए कार्यों के लिए मिले। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की सफलता में समाज और लोगों का भी योगदान होता है, इसलिए अपनी क्षमता और अनुभव का उपयोग समाज के हित में करना जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उद्योग और सामाजिक जिम्मेदारी एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। उद्योग के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ जरूरतमंद लोगों की क्षमता के अनुसार मदद करना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की जरूरत बताई।
कार्यक्रम में मेजर जनरल जी.डी. बख्शी ने युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में सामाजिक सरोकार, युवा शक्ति, नेतृत्व, उद्यमिता और समाज के विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक जुड़ाव और सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर प्रवीण झा ने शुभसीता फाउंडेशन की संस्थापिका मनोरमा, संयोजक रोहन और आयोजन समिति के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और समाज के लिए मिलकर काम करने का अवसर प्रदान करते हैं।

