
जिला पंचायत के पास कचरे का ढेर आग लगने का बढ़ा खतरा,हाल ही में लगी थी आग, फिर भी उदासीन है जिम्मेदार
बिलासपुर।जिला पंचायत परिसर में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के पास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है। ट्रांसफार्मर के ठीक आसपास सूखी पत्तियों और कचरे का ढेर लगा हुआ है, जबकि कुछ दिन पहले इसी स्थान के पीछे पड़े कचरे में आग लग चुकी है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस व्यवस्था नहीं की। गौरतलब है कि जिला पंचायत भवन के पीछे कुछ दिन पूर्व कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई थी। आग धीरे-धीरे ट्रांसफार्मर के पास तक पहुंचने लगी, जिसके बाद कार्यालय के कर्मचारियों और दमकल की मदद से आग बुझाई गई। आग लगने से विद्युत लाइन को भी नुकसान पहुंचा था, जिसे बाद में विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सुधार तो दिया, लेकिन ट्रांसफार्मर को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित नहीं किया गया। इसके बाद अब
दूखा जा रहा है कि ट्रांसफार्मर का बॉक्स खुला हुआ है और तार बाहर लटक रहे हैं। वहीं उसके पास बड़ी मात्रा में सूखी पत्तियां और कचरा जमा है, जिससे गर्मी के मौसम में कभी भी आग लग सकती है। परिसर में आने-जाने वाले कर्मचारियों और आम लोगों के लिए भी यह स्थिति खतरनाक बनी हुई है। इस मामले में बीबी नेताम ईई नेहरूनगर जोन का कहना है पिछले बार जब हादसा हुआ था तो जिला पंचायत के कर्मचारियों और आसपास के लोगो को हिदायत दी गई थी आसपास कचरा ना फैलाएं फिर भी लोग फैला रहे हैं। जब यह जानना चाहा कि क्या बिजली विभाग खूले ट्रांसफर्मर में बॉक्स नही लगा सकता तो उन्होंने बॉकस लगाने की कवायद शुरु करने की बात कही है।
बता दे कि विगत दो तीन दिन पहले कलेक्टोरेट परिसर में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। शार्ट सार्किट से आग लगने से वहां अफरा तफरी मच गई थी और दमकल के आने से आग पर काबू पाया जा सका। लगातार आग लगने की घटनाओं के बावजूद जिला पंचायत के अधिकारी और विद्युत विभाग के कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं। समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में बड़ा हादसा हो सकता है।
लापरवाही बनी हादसे की वजह
जिला पंचायत परिसर में लगा ट्रांसफार्मर खुला पड़ा है और उसके पास सूखी पत्तियों का ढेर जमा है, जिससे आग लगने का खतरा लगातार बना हुआ है। कुछ दिन पहले कचरे में आग लगने से विद्युत लाइन को नुकसान भी पहुंच चुका है, इसके बाद भी न तो ट्रांसफार्मर को व्यवस्थित किया गया और न ही आसपास की सफाई कराई गई। गर्मी बढ़ने के साथ आग लगने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
ट्रांसफार्मर के आसपास कचरा ना फैलाने की हिदयत दी गई थी –
बीबी नेताम ईई नेहरूनगर जोन
