
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: अनुराग बाजपेयी बने अध्यक्ष, 380 मतों से दर्ज की जीत
बिलासपुर। जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव में अधिवक्ता अनुराग बाजपेयी ने अध्यक्ष पद पर 380 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने बाजे-गाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें विजयी घोषित किया।
शनिवार को हुए मतदान में कुल 2,446 मतदाताओं में से 1,819 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 17 मतदाताओं ने शुक्रवार को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। मतदान के बाद मतपेटियां सुरक्षा की दृष्टि से सिविल लाइन थाना में रखी गई थीं। रविवार सुबह प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटियां मतगणना स्थल लाई गईं और देर शाम तक विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए।
घोषित परिणामों के अनुसार अनुराग बाजपेयी अध्यक्ष पद पर 380 मतों से विजयी रहे। धनंजय सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राधा रजक कनिष्ठ महिला उपाध्यक्ष, विवेक पांडेय 179 मतों से सचिव, शंकर चतुर्वेदानी 183 मतों से सह सचिव, मनोज सिंह ठाकुर 96 मतों से ग्रंथालय सचिव तथा श्वेता शास्त्री 270 मतों से कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
इसी तरह दीर्घस्कर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक सचिव पद पर 289 मतों के अंतर से उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। वहीं कार्यकारिणी के महिला आरक्षित पद पर हेमलता साहू को 1,152 मत और प्रतीक्षा सिंह को 862 मत प्राप्त हुए, जिससे दोनों निर्वाचित घोषित की गईं।
कार्यकारिणी के सामान्य वर्ग के चार पदों के लिए समाचार लिखे जाने तक मतगणना जारी थी।
