
राघवेंद्र राव की जयंती पर लगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
बिलासपुर। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव की 137वीं जयंती के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार की ओर से रविवार को सीपत रोड स्थित सखी निवास, सरस्वती होम्स में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जनसेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाइयों का लाभ लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा रहे। उन्होंने ई. राघवेंद्र राव के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राघवेंद्र राव का जीवन राष्ट्रसेवा, स्वाभिमान और जनकल्याण का प्रतीक रहा है। उनकी जयंती पर स्वास्थ्य शिविर जैसे जनहितकारी आयोजन उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक सुशांत शुक्ला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश वाजपेयी, शिवा मिश्रा, कवर्धा जिला अध्यक्ष नरेश यदु तथा आयोजन की संयोजक एवं पूर्व महापौर वाणी राव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिविर में नेत्र रोग, अस्थि रोग, जनरल सर्जरी, मानसिक रोग, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नाक-कान-गला रोग और आहार विशेषज्ञों के साथ आयुष चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। डॉ. एल.सी. मढ़ारिया, डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. आर.ए. शर्मा, डॉ. चंद्र किरण तिवारी, डॉ. राजेश्वरी उद्देश, डॉ. घनश्याम गंगवानी, डॉ. कासिम खान, डॉ. कुसुम राजपूत, डॉ. यशवंत सिंह सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया।
शिविर में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ समाज में जनसेवा का संदेश भी दिया गया।
