183 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में उमड़ा मातृशक्ति का जनसैलाब, मस्तूरी में भक्तिमय हुआ माहौल
हजारों महिलाओं ने माता को अर्पित की चुनरी, धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का दिया संदेश
मस्तूरी। धर्म जागरण के जिला संयोजक मातृशक्ति डॉ. सरिता भारद्वाज के नेतृत्व में ग्राम किरारी स्थित लटेश्वर नाथ मंदिर से माता को चुनरी अर्पित करने के लिए भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। 183 मीटर लंबी चुनरी यात्रा में हजारों मातृशक्तियों सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यात्रा में महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था, महिला शक्ति की एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में धर्म जागरण प्रमुख शंकर कुमार चंद्रा, संगठन की प्रांत संयोजिका मातृशक्ति श्रीमती राजश्री चतुर्वेदी तथा प्रांत सह-संयोजिका डॉ. सरिता भारद्वाज प्रमुख रूप से शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ माता के जयकारे लगाते हुए यात्रा में हिस्सा लिया। चुनरी यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
183 मीटर लंबी चुनरी रही मुख्य आकर्षण
आयोजन का मुख्य आकर्षण 183 मीटर लंबी चुनरी रही, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ माता को अर्पित किया। यात्रा में मस्तूरी क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचीं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। चुनरी यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और मातृशक्ति की एकजुटता देखते ही बनी। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मिला सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। दरीघाट की सरपंच ललिता संतराम कश्यप, लिमलरा के सरपंच वस्त्रकार तथा किरारी के सरपंच तामेश सिंह ठाकुर सहित धर्मेंद्र कोसले, विजय अंचल, विवेक त्रिपाठी, सौमित्र शुक्ला, कामता वर्मा, संदीप यादव, विजय सुमन, साहेब लाल कुर्रे, चंद्र प्रकाश निर्णेजक, बबलू राठौर और नागू प्रसाद ने आयोजन में सहयोग दिया।
वहीं, मातृशक्ति की ओर से मालती केवट, शीलू कामतोड़े, ममता यादव सहित सैकड़ों महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन में बुजुर्गों, बच्चों और पुरुषों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक उत्सव की रौनक बढ़ाई।
प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं का किया गया स्वागत
चुनरी यात्रा और धार्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में हलवा, पूड़ी और सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। डॉ. सरिता भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश
इस भव्य आयोजन ने मस्तूरी क्षेत्र में धार्मिक चेतना, महिला शक्ति की एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। चुनरी यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अपनी धार्मिक आस्था प्रकट करते हुए समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।

