अतिक्रमण के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी, दोषियों को सस्पेंड करवाऊंगी: मेयर
जूनाबिलासपुर में व्यापारियों से बदसलूकी पर महापौर पूजा विधानी सख्त, वीडियो देखने के बाद कार्रवाई का ऐलान
बिलासपुर। जूनाबिलासपुर में अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान व्यापारियों से कथित धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो देखने के बाद महापौर पूजा विधानी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें सस्पेंड करवाने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकान में घुसकर व्यापारियों को परेशान करना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि व्यापारियों की शिकायत मिलने पर उन्होंने अतिक्रमण अमले को तलब कर चेतावनी दी थी। उस समय वीडियो नहीं देखा था, लेकिन अब घटना की गंभीरता सामने आने के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी की रोजी-रोटी छीनना उनका उद्देश्य नहीं था, इसलिए पहले चेतावनी देकर छोड़ दिया था, लेकिन इसका मतलब मनमानी की छूट देना नहीं है।
शिकायत पर पूरे अमले को लगाई थी फटकार
व्यापारियों ने अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान बदसलूकी का आरोप लगाते हुए महापौर से शिकायत की थी। इसके बाद संतोष वर्मा और शिवबहादुर जायसवाल सहित अतिक्रमण अमले को तलब कर फटकार लगाई गई थी। महापौर ने चेतावनी दी थी कि दोबारा शिकायत मिलने पर निलंबन की कार्रवाई कराई जाएगी। अब वीडियो देखने के बाद उन्होंने दोषी कर्मचारियों को सस्पेंड करवाने की बात कही है।

