
रिंग रोड पर खड़ी कार में अचानक लगी आग, धूं-धूं कर जला वाहन
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर बुधवार को सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वाहन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और कार धूं-धूं कर जलने लगी।
बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत कार के इंजन वाले हिस्से से हुई। कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कार को काफी नुकसान पहुंच गया।
गनीमत रही कि घटना के समय कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
