
वेंडरों के जरिए बिक रहे थे चोरी के फोन, आरपीएफ-जीआरपी की कार्रवाई
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 6 पर लगे स्टॉलों में छापा मारकर चोरी के 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कीमत लगभग 94 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक मोबाइल चोर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ को सूचना मिली थी कि स्टेशन के वीआईपी गेट के पास स्थित फूड प्लाजा समेत कुछ स्टॉलों पर चोरी के मोबाइल सस्ते दामों में बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने शनिवार को स्टॉलों की जांच की और वहां मौजूद वेंडरों से पूछताछ की।
शुरुआत में वेंडरों ने मोबाइल होने से इनकार किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके पास से मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच के दौरान ओडिशा के कोरापुट जिले का रहने वाला लेली खोसला पकड़ा गया, जो मोबाइल चोरी करता था। उसकी जानकारी पर भिंड (मध्यप्रदेश) निवासी शैलेन्द्र सिंह और कौशांबी (उत्तरप्रदेश) निवासी राजेश कुमार के पास से भी मोबाइल फोन जब्त किए गए।
पुलिस जांच में पता चला कि लेली खोसला पहले बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर वेंडिंग का काम कर चुका है। इस दौरान उसकी कई वेंडरों से पहचान हो गई थी। बाद में वह ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के मोबाइल चोरी कर अपने जान-पहचान के वेंडरों को कम कीमत में बेचने लगा। पुलिस के अनुसार वह करीब डेढ़ साल से इस काम में लगा हुआ था।
जांच के दौरान यह भी शक जताया गया है कि कुछ वेंडरों के जरिए ट्रेनों में गांजा तस्करी भी की जा सकती है। पुलिस का कहना है कि वेंडिंग करने वालों को ट्रेनों में आसानी से आना-जाना मिलता है, इसलिए इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
