
संक्रमण का खतरा बढ़ा, प्रशासन ने बंद कराईं मुर्गा दुकाने
बिलासपुर। शहर में बर्ड फ्लू की आशंका ने हड़कंप मचा दिया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए कई इलाकों में चिकन और मुर्गा-मुर्गी की दुकानों को बंद कराना शुरू कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में पोल्ट्री पक्षियों को नष्ट करने की कार्रवाई जारी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। नगर निगम की टीमें लगातार बाजारों का निरीक्षण कर रही हैं और चिकन दुकानों को बंद कर दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं कि आदेश का पालन करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच कई स्थानों पर मृत और अर्धमृत मुर्गियां मिलने की खबरों ने चिंता और बढ़ा दी है। इन पक्षियों का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा रहा है, ताकि संक्रमण का खतरा और न फैले। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है।
विशेषज्ञों ने लोगों को फिलहाल चिकन और अंडे के सेवन से परहेज करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी संक्रमण को बढ़ा सकती है और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें, लेकिन सतर्कता जरूर बरतें। स्थिति पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
