
सप्लाई सामान्य फिर भी घबराहट, पंपों पर भीड़ बढ़ी
बिलासपुर। खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालात की खबरों के बीच जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी को लेकर अफवाहों ने दहशत का माहौल बना दिया है। गैस सिलेंडर से लेकर पेट्रोल-डीजल तक की सप्लाई को लेकर लोग आशंकित नजर आ रहे हैं, जिसके चलते पैनिक बाइंग तेजी से बढ़ गई है और बाजार पर दबाव साफ दिखाई देने लगा है।
गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग के बाद अब पेट्रोल और डीजल के लिए पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं। सामान्य दिनों में जहां जिले में प्रतिदिन 100 से 110 किलोलीटर पेट्रोल-डीजल की खपत होती थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 150 किलोलीटर तक पहुंच गई है। अचानक बढ़ी मांग ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।
अधिकारियों के अनुसार, कुछ लोग अफवाहों के चलते जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा कर रहे हैं, जिससे कृत्रिम संकट की स्थिति बन सकती है। इसे रोकने के लिए प्रशासन ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं और जमाखोरी व दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इधर, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सुचारू है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराकर खरीदारी न करें, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।
