
एसी कॉपर वायर चोरी का खुलासा, दो चोर सहित कबाड़ी गिरफ्तार..48,500 रुपये का माल बरामद
बिलासपुर। शहर में लगातार हो रही एसी के कॉपर वायर चोरी की घटनाओं का सिविल लाइन पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों और एक कबाड़ी खरीददार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल भी बरामद किया गया है।
अलग-अलग स्थानों पर हो रही कॉपर वायर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो कबाड़ बीनने वाले आरोपी चोरी का माल खपरगंज स्थित एक कबाड़ी को बेच रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कबाड़ी दुकान के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और मौके से सूरज वस्त्रकार उर्फ सूरज महरा (23) निवासी काठा कोनी रोड, धीरेन्द्र झारिया (30) निवासी बंधवापारा खपरगंज तथा कबाड़ी खरीददार एहसान अली (44) निवासी खपरगंज को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कार्यालय जिला अभियोजन निदेशालय और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर के पास लगे एसी से कॉपर वायर, एसी पार्ट्स और आलमारी में रखी नगदी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 फीट कॉपर वायर (कीमत लगभग 40,000 रुपये), एसी पार्ट्स और 8,500 रुपये नगद सहित कुल 48,500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
