
फरसा-चापड़ लहराकर मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, महिला भी शामिल
बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने चिंगराजपारा के तालाबपार सूर्या चौक में फरसा और चापड़ लेकर दो गुटों के बीच हुई मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फरसा और एक बुलेट बाइक जब्त की है।
दरअसल, 2 अगस्त 2026 की शाम चिंगराजपारा स्थित सूर्या चौक के पास दो गुटों के बीच हथियार लहराते हुए मारपीट की घटना हुई थी। मामले में प्रार्थी दीपक मार्के की रिपोर्ट पर सरकंडा थाना में अपराध क्रमांक 1126/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के मार्गदर्शन और सीएसपी सरकंडा के निर्देशन में थाना प्रभारी ने टीम गठित कर कार्रवाई की। पुलिस ने 4 अगस्त को संध्या सिंह ठाकुर, उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले उर्फ राजा और जग्गू दास मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त फरसा और एक बुलेट मोटरसाइकल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले उर्फ राजा (28), जग्गू दास मानिकपुरी (18) और संध्या सिंह ठाकुर (29) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
