केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ को बताया समाज का प्रबुद्ध वर्ग
शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान देकर साहू समाज को विकास की नई दिशा देने का आह्वान
रायपुर। भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री का शाल, श्रीफल और गुलदस्ता भेंटकर सम्मान किया। मुलाकात के दौरान समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी विकास के साथ सामाजिक एवं राजनीतिक एकजुटता पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश संयोजक बीसी साहू, अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं प्रदेश महामंत्री क्रांति साहू तथा सह संयोजक डॉ. बेदलाल साहू ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ को साहू समाज का प्रबुद्ध वर्ग बताते हुए कहा कि किसी भी समाज का शिक्षित होना उसके चहुंमुखी विकास का आधार है। शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी जा सकती है और विकास की गति को तेज किया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में साहू समाज की बड़ी आबादी है। ऐसे में समाज के लोगों को आदर्श छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी विषयों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी समाज के बुद्धिजीवी वर्ग का हिस्सा हैं। वे अपने अनुभव, ज्ञान और सामाजिक दायित्वों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर समाज को विकास की दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं।
तोखन साहू ने अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक एकता बनाए रखने तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने क्रांति साहू को अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा का राष्ट्रीय संगठन सचिव बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्रांति साहू शुरू से ही मेहनती रहे हैं और समाज के कार्यों में तत्परता से योगदान देते आ रहे हैं।
इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश साहू, राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष बीआर साहू, प्रदेश महामंत्री नीलकंठ साहू, केशव साहू, डॉ. ललित साहू, नारायण लाल साहू, डॉ. प्रदीप कुमार साहू, गुरुशरण साहू, लक्ष्मेंद्र साहू, छोटेलाल साहू, नेमीचंद साहू, चंद्रभूषण साहू, सुरेश साहू, पोखराज साहू और दुर्गाचरण साहू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री क्रांति साहू ने किया। वहीं, अल्प सूचना पर उपस्थित होने के लिए प्रदेश संयोजक बीसी साहू ने सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
