कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक’ जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा साहू देंगी मार्गदर्शन
महासमुंद में बेटियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों पर होगा विशेष जागरूकता कार्यक्रम
महासमुंद। बेटियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के नेतृत्व में 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को महासमुंद के अंबेडकर भवन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य तथा सकारात्मक वातावरण के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा साहू बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगी। डॉ. साहू अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के चिकित्सा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। वे एमबीबीएस एवं एमएस (स्त्री रोग) की डिग्री प्राप्त स्त्री रोग विशेषज्ञ और लैप्रोस्कोपिक सर्जन हैं।
डॉ. आकांक्षा साहू इससे पहले भी करियर गाइडेंस, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, नशामुक्ति अभियान और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान जैसे सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। इसके अलावा वे दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा कर महिलाओं को जागरूक करने का कार्य भी करती रही हैं।
कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी (HPV) संक्रमण से बचाव, एचपीवी टीकाकरण के महत्व, स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों तथा समय पर जांच की आवश्यकता जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, आत्मविश्वास बढ़ाने, संवाद कौशल और बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करना, बच्चों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और समाज में बाल अधिकारों के संरक्षण का संदेश पहुंचाना है।

