
फेक न्यूज पर प्रशासन सख्त, बिलासपुर में बनी निगरानी समिति
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पश्चिम एशिया में चल रही परिस्थितियों के बीच एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एक विशेष निगरानी समिति का गठन किया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित इस समिति का उद्देश्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित हो रही सूचनाओं पर नजर रखना और फेक न्यूज पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
समिति के अध्यक्ष के रूप में अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर को सचिव बनाया गया है। इसके अलावा समिति में उप संचालक जनसंपर्क मुनुदाऊ पटेल, साइबर सेल के निरीक्षक गोपाल सतपथी, जिला सोशल मीडिया समन्वयक रेहाना तबस्सुम, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, पत्रकार किशोर सिंह तथा वरिष्ठ पत्रकार भास्कर मिश्रा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
यह समिति सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों की लगातार निगरानी करेगी, फर्जी सूचनाओं की पहचान कर उनका त्वरित खंडन करेगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं को ही सही मानें। साथ ही, संदिग्ध खबरों की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह भी किया गया है।
