
अवैध संबंध के शक में खूनी हमला, बुजुर्ग महिला की मौत, 7 घायल; पेंडरवा में तनाव
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अवैध संबंध के शक में भड़के आरोपियों ने एक घर में घुसकर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में 75 वर्षीय मुराद बी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 बच्चों समेत कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेश श्रीवास, उसका बेटा सुमीत श्रीवास और नैतिक श्रीवास तलवार लेकर गांव में शेख सलीम और चांदी खान की तलाश में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सुरेश को अपनी पत्नी और शेख सलीम के बीच कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते आरोपियों ने गुस्से में आकर घर में मौजूद अन्य लोगों पर ही हमला कर दिया।
घर में मचा कोहराम, महिलाएं-बच्चे भी घायल
हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई। तलवार से किए गए वार में कई लोग लहूलुहान हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंध के शक से जुड़ा बताया जा रहा है।
गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद पेंडरवा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
एसएसपी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
