
पीसी ज्वैलर्स पर धोखाधड़ी के आरोप, सराफा एसोसिएशन ने एसपी से की शिकायत
बिलासपुर। शहर के अग्रसेन चौक स्थित ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम पीसी ज्वैलर्स पर ग्राहकों से धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने इस मामले को लेकर प्रेसवार्ता कर शोरूम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपते हुए बायबैक प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
पुरानी अंगूठी की वापसी पर कम कीमत देने का आरोप
एसोसिएशन के मुताबिक खरसिया निवासी पारस पटेल ने 11 जून 2018 को उक्त शोरूम से 5.620 ग्राम (14 कैरेट) सोने की हीरा जड़ित अंगूठी खरीदी थी, जिसकी कीमत उस समय ₹85,799 थी। पीड़ित का आरोप है कि जब वह हाल ही में अंगूठी वापस बेचने शोरूम पहुंचा, तो उसे वर्तमान बाजार दर से काफी कम कीमत ऑफर की गई, जो खरीद मूल्य से भी कम थी।
एसोसिएशन का कहना है कि पिछले वर्षों में सोने के दाम बढ़े हैं, ऐसे में मेकिंग चार्ज काटने के बाद भी अंगूठी की कीमत करीब ₹1.17 लाख होनी चाहिए, लेकिन शोरूम प्रबंधन उचित भुगतान करने से बच रहा है।
बिलिंग में पारदर्शिता पर भी सवाल
मामले में बिलिंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि शोरूम द्वारा दिए गए बिल में सोने का रेट, हीरे की कीमत और लेबर चार्ज का अलग-अलग उल्लेख नहीं किया गया, बल्कि केवल कुल वजन और कुल राशि दर्ज की गई। एसोसिएशन ने इसे ग्राहकों को भ्रमित करने का तरीका बताया है।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
सराफा एसोसिएशन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो इसे राष्ट्रीय स्तर तक उठाया जाएगा। साथ ही बीआईएस, उपभोक्ता फोरम और अन्य संबंधित संस्थाओं में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी। संगठन ने पूरे प्रदेश में जनजागरूकता अभियान और आंदोलन चलाने की भी बात कही है।
फिलहाल पुलिस से इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
