
लालपुर में भीषण आग: सैकड़ों ट्रक पैरा बंडल जलकर खाक, लाखों का नुकसान
रतनपुर क्षेत्र में दोपहर की घटना, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे भीषण आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। एक प्लॉट में रखे पैरा (पराली) के बंडलों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, लालपुर स्थित एक प्लॉट में बायोगैस उपयोग के लिए सैकड़ों ट्रक पैरा बंडल संग्रहित किए गए थे। अचानक आग लगने से पूरे परिसर में तेजी से लपटें फैल गईं और कुछ ही समय में भारी मात्रा में पैरा जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था।
बताया जा रहा है कि यह प्लॉट बिलासपुर निवासी पंकज अग्रवाल का है, जहां बड़ी मात्रा में पैरा बंडल रखा गया था। आग इतनी तेजी से फैली कि सैकड़ों ट्रक पैरा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
