
कोकराझार से चिरांग तक सक्रिय रहे तोखन साहू, एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में किया जनसंपर्क
असम चुनाव में तेज हुआ प्रचार, जनसभाओं में दिखा उत्साह
बिलासपुर के सांसद एवं आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कोकराझार और चिरांग जिलों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल को मजबूती प्रदान की।
प्रचार अभियान के तहत उन्होंने कोकराझार जिले के गोसाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तेलीपारा शक्तिकेंद्र में एनडीए प्रत्याशी सबराम बसुमतारी के पक्ष में जनसंपर्क किया। वहीं चिरांग जिले के सिडली विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी पनिराम ब्रह्मा के समर्थन में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए तोखन साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता और समर्थक आगामी चुनाव में विजय सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित हैं।
जनसभाओं में उमड़े जनसमूह के उत्साह को देखते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता आगामी चुनाव में एनडीए को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है तथा इसी के चलते जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है।
