
एनएसयूआई का विश्वविद्यालय में जोरदार प्रदर्शन, छात्र संघ चुनाव बहाली और रिजल्ट सुधार की मांग
परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी पर छात्रों का आक्रोश, उग्र आंदोलन की चेतावनी
बिलासपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, कोनी में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के निर्देश पर प्रदेशभर में आयोजित आंदोलन के तहत सैकड़ों छात्रों और कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और शासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की शुशांक मिश्रा ने किया। आंदोलन के दौरान छात्रों ने दो प्रमुख मांगें रखीं—प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की तत्काल बहाली और विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही अनियमितताओं पर रोक।
छात्रों का आरोप है कि हर वर्ष और हर सेमेस्टर में जल्दबाजी में परिणाम जारी किए जाते हैं, जिससे गंभीर त्रुटियां सामने आती हैं। कई छात्रों को उपस्थित रहने के बावजूद अनुपस्थित दिखाया जाता है, वहीं कई के अंक अधूरे जोड़े जाते हैं। इन खामियों के चलते छात्रों को मानसिक तनाव झेलना पड़ता है और बार-बार आवेदन देकर दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
प्रदर्शन के बाद एनएसयूआई के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि परीक्षा परिणाम प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाए तथा पूर्व की सभी गड़बड़ियों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
नेताओं ने दी चेतावनी
प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की शुशांक मिश्रा ने कहा कि यह छात्रों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। छात्र संघ चुनावों पर रोक को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
प्रदेश संयोजक फरहान खान, जिला उपाध्यक्ष अदिति वर्मा, प्रदेश संयोजक उमर अहमद, प्रदेश सचिव समर्थ मिरानी, राजेश क्षत्री और विवेक साहू ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।
एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि छात्र हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर कलेक्टर घेराव से लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन तक किया जाएगा।
