
अटल विश्वविद्यालय में विरोध का अलग अंदाज, छात्रों ने कैंपस में किया शुद्धिकरण
बिलासपुर।अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में पूर्व कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर नाथ वाजपेई की विदाई के बाद छात्रों का अनोखा विरोध देखने को मिला। जहां एक ओर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया, वहीं दूसरी ओर यूटीडी के छात्र-छात्राओं ने कैंपस में गंगाजल छिड़ककर प्रतीकात्मक रूप से शुद्धिकरण करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
छात्र नेता सूरज सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि पूर्व कुलपति के कार्यकाल में विश्वविद्यालय का माहौल प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि एन ए ए सी मूल्यांकन नहीं हो सका और नए विभाग भी शुरू नहीं किए गए। साथ ही छात्रों पर FIR दर्ज करने जैसे कदमों को लेकर भी नाराजगी जताई गई। विरोध के तहत छात्रों ने कुलपति सचिवालय, सभागार और विभिन्न विभागों में गंगाजल छिड़ककर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और मंत्रोच्चार के माध्यम से प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की।
छात्र नेता नीरज यादव ने भी आरोप लगाया कि पूर्व कार्यकाल में विभिन्न स्तरों पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं, खरीदी और निर्माण कार्यों में गड़बड़ी के आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि इन कारणों से विश्वविद्यालय की साख प्रभावित हुई है।
इस घटनाक्रम के बीच विश्वविद्यालय में नए कुलपति के रूप में प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया की नियुक्ति के बाद छात्रों में नई उम्मीद जगी है। छात्रों ने पारदर्शी प्रशासन, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया, नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और बुनियादी ढांचे के विकास की अपेक्षा जताई है।
