
तहसील कार्यालय में अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है, जहां तहसील कार्यालय परिसर में एक अधिवक्ता को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद अधिवक्ता संघ में आक्रोश है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
दरअसल जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य गजेंद्र सिंह अपने कार्य से तहसील कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान संत शर्मा नामक व्यक्ति ने जमीनी विवाद को लेकर उन्हें रोक लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए अधिवक्ता को परिवार समेत गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
बताया जा रहा है कि मामला 20 अप्रैल को आयुक्त कार्यालय में की गई एक शिकायत से जुड़ा है, जिसमें शासकीय जमीन को निजी बताकर फर्जी दस्तावेज के माध्यम से बिक्री करने का आरोप लगाया गया था। इस प्रकरण की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद आरोपी आक्रोशित हो गया और अधिवक्ता को धमकाया।
घटना के बाद पीड़ित अधिवक्ता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। जिला अधिवक्ता संघ ने भी इस घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
इस घटना ने तहसील जैसे संवेदनशील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।
