
योग को घर-घर पहुंचाने जय कौशिक का लगातार प्रयास
विश्व योग दिवस पर विशेष योगाभ्यास सत्र, स्वास्थ्य और जागरूकता का दिया संदेश
बिलासपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय तिफरा, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन बिलासपुर एवं पतंजलि परिवार के संयुक्त तत्वावधान में विश्व योग दिवस के अवसर पर विशेष योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, शिक्षकों, पालकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक एवं व्याख्याता जय कौशिक ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ तन और स्वस्थ मन का माध्यम है। उन्होंने सभी से नियमित योग करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। पिछले लगभग 18 वर्षों से जय कौशिक स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से योग को घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।

शिक्षा, योग, खेल और सामाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए जय कौशिक को वर्ष 2026 में राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्हें राज्यपाल के हाथों यह सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री की विशेष उपस्थिति रहेगी।

जय कौशिक के प्रयासों से तिफरा सरकारी स्कूल ने शिक्षा और गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। स्कूल में बोर्ड परीक्षाओं में लगातार शत-प्रतिशत परिणाम मिल रहे हैं। वर्ष 2019-20 में छात्रा मानवी कौशिक ने छत्तीसगढ़ टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया था, वहीं वर्ष 2024 में 100 विद्यार्थियों ने बारहवीं बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। तिफरा की छात्रा सुमन कैवर्त का भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र हैदराबाद में जूनियर वैज्ञानिक के रूप में चयन भी विद्यालय की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जय कौशिक ने योग, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नशामुक्ति अभियान, पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर तिरंगा, कारगिल दिवस और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियानों में भी विद्यार्थियों के साथ सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, कोलकाता, हरियाणा, पुणे, उज्जैन, जालंधर और अमृतसर सहित कई राज्यों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिताओं में बच्चों के साथ सहभागिता निभाई है।
विद्यालय में वर्ष 2008 में जहां केवल 300 छात्र अध्ययनरत थे, वहीं वर्तमान में यह संख्या बढ़कर लगभग 2500 तक पहुंच गई है। आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों की संख्या 3000 तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, प्राचार्य और शाला विकास समिति के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया जा रहा है।
राज्यपाल शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने पर क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक ने भी जय कौशिक को सम्मानित किया था। उन्हें मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के हाथों उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।
जय कौशिक ने कहा कि “सरकारी स्कूलों में पढ़कर आगे बढ़ने वाले बच्चों को सही दिशा देना ही मेरा उद्देश्य है। बच्चों के चेहरे की मुस्कान और उनके लक्ष्य को प्राप्त करने की लगन ही मुझे लगातार बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करती है।”
राज्यपाल शिक्षक सम्मान की घोषणा होने पर संकुल प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ कश्यप, संकुल समन्वयक सुनील पाण्डेय सहित संकुल तिफरा के सभी शिक्षकों ने खुशी व्यक्त करते हुए जय कौशिक को शुभकामनाएं दी हैं।
