
महिला सशक्तीकरण पर “चाय पर चर्चा”, महिलाओं ने साझा किए विचार
बिलासपुर। महिलाओं के संवाद, जागरूकता और आत्मविकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को सिपत चौक स्थित होटल रीति रिवाज में “महिला संवाद एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम – चाय पर चर्चा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर सामाजिक विषयों, महिला नेतृत्व और आत्मनिर्भरता पर खुलकर चर्चा की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भारवी वैष्णव ने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सहभागिता और मातृशक्ति की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की मजबूत आधारशिला हैं तथा उनके जागरूक और सशक्त होने से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
विशिष्ट वक्ता पत्रकार रसिका पाण्डेय ने महिलाओं की अभिव्यक्ति, जागरूकता और सामाजिक नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक श्री गणेश जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कारित और सशक्त मातृशक्ति ही मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। उन्होंने माताओं के अधिकारों और उत्तरदायित्वों पर भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का आयोजन गर्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कछवाहा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
