जीवन दीप समिति में नियुक्तियों का खेल! अब एक-एक कर खुल रहे राज..
मानदेय और नियुक्तियों में गड़बड़ी के आरोप, जल्द ही नाम होंगे उजागर….
बिलासपुर/मुंगेली। जिला चिकित्सालय मुंगेली में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान अब भ्रष्टाचार और अनियमितताओं अब उजागर हो रही है। अस्पताल प्रबंधन और समिति से जुड़े अधिकारियों के बीच चल रही आपसी तनातनी के चलते वर्षों से दबे मामले अब एक-एक कर बाहर आने लगे हैं। जीवन दीप समिति में की गई नियुक्तियां, मानदेय भुगतान और वित्तीय निर्णय अब सन्देह में हैं।
हाल ही में शिकायत के बाद जीवन दीप समिति में वर्षों से कार्यरत बाबू डी.एन. शर्मा को हटाया गया। आरोप है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी करीब नौ वर्षों तक उन्हें नियमों को दरकिनार कर समिति में बनाए रखा गया। शिकायत सामने आने के बाद कार्रवाई हुई, लेकिन अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इतने लंबे समय तक यह सब किसके संरक्षण में चलता रहा।
इसी बीच फिजियोथैरेपिस्ट उत्कर्ष पाठक को प्रतिमाह 18 हजार रुपये मानदेय दिए जाने का मामला भी चर्चा में आ गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि समिति के माध्यम से कई नियुक्तियां प्रभाव और पहचान के आधार पर की गईं। सूत्रों का कहना है कि अपने करीबी और रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी की गई। ऐसे कई नामों की सूची जल्द सार्वजनिक किए जाने की बात भी सामने आ रही है।
मामले में सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय ने नियुक्तियों को आवश्यक बताया, वहीं कलेक्टर कुंदन कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने किसी नियुक्ति के लिए कोई आदेश जारी नहीं किया। कलेक्टर के इस बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
सूत्र बताते हैं कि जिला चिकित्सालय में चल रही आपसी खींचतान के कारण ही अब अंदर की जानकारियां बाहर आने लगी हैं। वर्षों से दबे भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध नियुक्तियों के दस्तावेज भी धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि समिति के जरिए बिना पारदर्शिता के कई फैसले लिए गए, जिनकी अब जांच की मांग तेज हो गई है।
चर्चा यह भी है कि इस पूरे मामले से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अधिकारी जल्द ही सेवानिवृत्त होने वाला है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या रिटायरमेंट से पहले इन मामलों की निष्पक्ष जांच होगी या फिर कई फाइलें हमेशा के लिए दब जाएंगी। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य विभाग और जीवन दीप समिति से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
जल्द ही उन करीबी और रिश्तेदारों के नाम का खुलासा किया जाएगा……

