
बोदरी में राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस का अनोखा विरोध, मटकी यात्रा निकाल फोड़ा ‘पाप का घड़ा’
बिलासपुर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर बिलासपुर जिले के बोदरी में कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। नगर पालिका परिषद बोदरी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर रैली निकाली और राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर विरोध दर्ज कराया।

चकरभाठा स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई रैली राम मंदिर तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर भाग लिया। मटकियों पर “पाप का घड़ा भर गया है”, “चौकीदार चोर है” और “मंदिर चंदा चोरी” जैसे नारे लिखे गए थे। ढोल-मांदर की थाप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों के बीच निकली रैली पूरे नगर में चर्चा का विषय बनी रही।
राम मंदिर पहुंचने के बाद महिलाओं ने प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और कथित चढ़ावा चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस पूरे मामले का सच देश के सामने आना चाहिए।”
वहीं पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान प्रधानमंत्री ने बिना पत्नी के पूजा की थी, तभी चोरी जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक कथित चढ़ावा चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
