
650वीं जयंती पर गुरु रविदास को नमन, समाज में समानता का दिया संदेश
बिलासपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को “650वीं जयंती संदेश कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जुना बिलासपुर स्थित कालकर कुंज, संघ कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार आयोग के अध्यक्ष ध्रुव मीरशा रहे, जबकि अध्यक्षता शांतनु मुखोपाध्याय, अध्यक्ष, माधव प्रेरणा केंद्र ने की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख रमेश वर्मा ने गुरु रविदास के जीवन, कृतित्व और उनके समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को जाति, भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर समानता और सामाजिक समरसता की राह पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन माधव प्रेरणा केंद्र, बिलासपुर द्वारा किया गया। इसमें समाज के प्रबुद्धजन, युवा, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन के दौरान गुरु रविदास के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
