राजधानी रायपुर में आधी रात भीषण अग्निकांड, चार दुकानें खाक, छह से अधिक दोपहिया वाहन जले
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित व्यावसायिक क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देर रात करीब 1 बजे सुंदरानी हार्डवेयर में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित ऑक्टोपस बार सहित आसपास की करीब चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से दुकानों के सामने खड़े छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के समय ऑक्टोपस बार की ऊपरी मंजिल में कई लोग मौजूद थे। धुएं और आग की लपटों से घिरने के बाद लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए दो से तीन छतों से कूदकर बाहर निकलने का जोखिम उठाया। वहीं, समीप स्थित एक मकान में सो रहे लोगों को भी समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। हालांकि, सुंदरानी हार्डवेयर में पेंट, थिनर और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
करीब चार से पांच घंटे तक लगातार प्रयास के बावजूद जब आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी, तब उरला, खमतराई और धरसींवा क्षेत्र से निजी उद्योगों एवं पावर प्लांटों की दमकल गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त प्रयासों के बाद कई घंटों की कड़ी मशक्कत के पश्चात आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस अग्निकांड में प्रभावित दुकानों का अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। नुकसान का सटीक आकलन प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

