
रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख की प्रोत्साहन राशि, आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति का ऐलान
रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेल में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने 53 किलोग्राम वर्ग में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया, जो प्रदेश के खेल इतिहास के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने लगातार मेहनत की और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। इसी सम्मान के रूप में राज्य सरकार ने उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले भी उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर शुभकामनाएं दी थीं और पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई भी दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करेंगी और उनकी सफलता नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
