
हाथी दांत की तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार
बलरामपुर में वन विभाग, वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो और राज्य उड़न दस्ता की संयुक्त कार्रवाई, तीन हाथी दांत बरामद
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथी दांत की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन हाथी दांत बरामद किए गए हैं।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (मध्य क्षेत्र, भोपाल), राज्य उड़न दस्ता दल रायपुर और बलरामपुर वनमंडल की संयुक्त टीम को सोमवार को हाथी दांत की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रामानुजगंज स्थित एक धर्मशाला में छापा मारकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के पलामू निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (42), रामानुजगंज निवासी अजय कुमार गुप्ता (49) और सतेन्द्र कुमार रजक (50) के रूप में हुई है। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से तीन हाथी दांत बरामद किए गए।
वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हाथी दांत की तस्करी का नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है।
