
बिलासपुर में ‘कल्चरल मार्क्सवाद’ पर होगा मंथन, 8 अगस्त को ब्रेन स्टॉर्मिंग सत्र आयोजित
बिलासपुर। कल्चरल मार्क्सवाद अध्ययन समूह, बिलासपुर द्वारा 8 अगस्त को ‘कल्चरल मार्क्सवाद’ विषय पर एक विशेष ब्रेन स्टॉर्मिंग सत्र (अध्ययन रिपोर्ट) आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में होगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य वर्तमान परिप्रेक्ष्य में कल्चरल मार्क्सवाद के विभिन्न पहलुओं को समझना तथा विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों, नीति-निर्माताओं, अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों और कला जगत से जुड़े लोगों के बीच इस विषय पर सार्थक संवाद और विमर्श को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में शिक्षा, कला एवं मनोरंजन, अनुसंधान, मीडिया एवं पत्रकारिता तथा राजनीति एवं सामाजिक सक्रियता जैसे विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित अध्ययन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद द्वितीय सत्र में प्रश्नोत्तर, विषय-प्रवर्तन और खुला संवाद आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में कैलाश चंद्र की विशेष उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और सान्निध्य भी प्राप्त होगा।
अध्ययन समूह का कहना है कि वर्तमान समय में इस विषय पर तथ्यपरक और व्यापक चर्चा की आवश्यकता है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सहभागिता से कार्यक्रम में विषय के अनेक आयामों पर गंभीर और सार्थक विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।
