
पीछे चलने की बात पर हुआ विवाद, हथौड़े से चौकीदार की हत्या
रेलवे साइट पर खून से लथपथ मिला शव, FSL-स्निफर डॉग और CCTV से चंद घंटों में नाबालिग आरोपी तक पहुंची पुलिस
बिलासपुर। चुचुहियापारा क्षेत्र में बजरंग कंस्ट्रक्शन की रेलवे साइट पर चौकीदार की हत्या से सनसनी फैल गई। सुबह साइट परिसर में चौकीदार का शव संदिग्ध हालत में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम (FSL) और स्निफर डॉग की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह बिहार के आरा जिले के सोनभठा गांव का रहने वाला था और करीब दो वर्षों से बिलासपुर में रह रहा था। वह बजरंग कंस्ट्रक्शन में सुपरवाइजर के साथ चौकीदारी का काम करता था।
पीछे चलने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी के बीच रास्ते में पीछे चलने और पीछा करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और चौकीदार की हत्या कर दी गई।
CCTV फुटेज ने खोली जांच की अहम कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग से महत्वपूर्ण सुराग मिले। फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में हथौड़े जैसी भारी वस्तु लेकर घर की ओर जाता दिखाई दिया। उसके अंदर जाने के कुछ समय बाद चीखने की आवाज सुनाई देने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने CCTV फुटेज के साथ घटनास्थल से मिले अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया।
FSL और स्निफर डॉग ने जुटाए अहम सुराग
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से जांच की। FSL टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जबकि स्निफर डॉग की मदद से भी सुराग तलाशे गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां भी जोड़ीं। इन सभी सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
दो दिन पहले साइट पर पहुंचा था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि नाबालिग आरोपी करीब दो दिन पहले साइट पर आया था। इसी दौरान मृतक के पीछे चलने और पीछा करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस फिलहाल इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर आगे की जांच कर रही है।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि मामले में नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथौड़े समेत वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। मामले के सभी पहलुओं को जोड़कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
