
बहतराई स्टेडियम में गूंजा तीजा तिहार का उल्लास, CM साय ने की दो बड़ी घोषणाएं
बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। बहतराई स्टेडियम में रविवार को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व तीजा तिहार का भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आयोजित तीजा मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति का शानदार संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं। बच्चों ने भी विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए झूले, मेहंदी, भोजन और उपहार की विशेष व्यवस्था की गई थी। गीत-संगीत और पारंपरिक रंगों से सजा स्टेडियम पूरे दिन उत्सवी माहौल में नजर आया।
तीजा आस्था और पारिवारिक खुशहाली का पर्व : CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीजा को माताओं-बहनों की आस्था, प्रेम और पारिवारिक समर्पण का महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में तीजा का विशेष स्थान है। महिलाएं पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धापूर्वक व्रत रखती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास की सक्रिय भागीदार बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ड्रोन दीदियां आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर प्रतिदिन 6 से 7 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। महिलाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान भी किया गया है।
मुख्यमंत्री की दो बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ किए जाने की घोषणा की।
इसके साथ ही माघी पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। दोनों घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
संस्कृति और परंपरा का उत्सव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीजा को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीजा महिलाओं की आस्था और सामाजिक एकता से जुड़ा पर्व है तथा सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की माटी और संस्कृति से जुड़ा पर्व है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
