
सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए बिल्हा के विद्यार्थियों ने भेजीं 4100 राखियां, लिखे शुभकामना संदेश
बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान’ के तहत विकासखंड बिल्हा के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए 4100 राखियां और शुभकामना संदेश पत्र भेजे हैं।
इस अभियान के तहत विद्यार्थियों ने स्वयं राखियां तैयार कीं। इन राखियों के साथ विद्यार्थियों ने सैनिकों के प्रति सम्मान, स्नेह, कृतज्ञता और शुभकामनाओं से भरे संदेश भी लिखे हैं। इन रक्षा-सूत्रों और संदेशों को अभियान के माध्यम से सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के सहायक राज्य आयुक्त राजेश सौंथालिया, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स बिलासपुर के जिला मुख्य आयुक्त राजेंद्र साहू तथा डॉ. पूनम सिंह उपस्थित रहीं। इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी दीप्ति गुप्ता एवं मुकेश अग्रवाल ने विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से एकत्र की गई राखियां और शुभकामना संदेश पत्र भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधियों को सौंपे।
विकासखंड के विद्यालयों में रक्षा-सूत्र अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि भारतीय सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक पर्व पर विद्यार्थियों द्वारा भेजी गई राखियां और शुभकामना संदेश सैनिकों के प्रति समाज के सम्मान, स्नेह और आत्मीयता का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी होता है।
इस अवसर पर प्राचार्य अलका गांगुली, बीआरसी देवी प्रसाद चंद्राकर, सुनील पाण्डेय, वीरेन्द्र अजित कुजूर, राकेश शुक्ला, देवनारायण यादव, राम द्विवेदी, योगेंद्र वर्मा, विकास साहू, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) संतोष त्रिपाठी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) देवव्रत मिश्रा, एएलटी (स्काउट) कौशल्या साहू, गाइडर एचडब्ल्यूबी, लेखाकार अशोक क्षत्री, सूर्या केवट, प्रदीप जायसवाल, सौरभ मजुमदार, धर्मेंद्र राजपूत, रश्मि महेश यादव सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
