
उप मुख्यमंत्री से मिला प्रखर पत्रकार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल, कक्ष आवंटन की मांग
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने नगर निगम की महापौर परिषद द्वारा 24 जुलाई 2026 को पारित प्रस्ताव के अनुसार राघवेंद्र राव सभा भवन में संगठन को 11 माह के लिए अस्थायी कक्ष आवंटित करने की मांग की।
महासंघ ने बताया कि संगठन के कार्यालयीन कार्यों के लिए कक्ष आवंटन का आवेदन किया गया था, जिस पर महापौर परिषद ने प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद किसी अन्य पत्रकार संगठन की आपत्ति के कारण आवंटन प्रक्रिया रोके जाने की जानकारी दी गई।
महासंघ ने मांग की कि यदि कोई आपत्ति है तो उसका नियमानुसार निष्पक्ष परीक्षण किया जाए, लेकिन महापौर परिषद से पारित प्रस्ताव के क्रियान्वयन को अनिश्चितकाल तक रोका न जाए। महासंघ ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी अन्य संगठन के हितों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि अपने सामाजिक और पत्रकार हित के कार्यों के लिए कार्यालयीन स्थान प्राप्त करना है।
उप मुख्यमंत्री ने ज्ञापन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विनय मिश्रा, प्रदेश महासचिव पंकज खंडेलवाल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, प्रदेश सचिव सुधीर तिवारी, अजय द्विवेदी, जिला अध्यक्ष कमल दुसेजा, जिला कोषाध्यक्ष पवन वर्मा सहित महासंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
