
राष्ट्रीय रजक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बिलासपुर में स्वागत, संगठन मजबूती पर जोर
बिलासपुर। राष्ट्रीय रजक महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश चौधरी के बिलासपुर आगमन पर राष्ट्रीय रजक महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विश्राम निर्मलकर के अलका एवेन्यू, उसलापुर स्थित निवास पर प्रदेश, संभाग, जिला एवं महानगर के पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश चौधरी ने छत्तीसगढ़ में महासंघ की गतिविधियों की जानकारी ली और संगठन को मजबूत बनाने के लिए महिला प्रकोष्ठ को सक्रिय करने तथा मातृशक्ति की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से समाज के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान चलाने, राष्ट्रीयकृत बैंक में संगठन का खाता खोलने तथा कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय और कोष को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों, निर्वाचित एवं मनोनीत जनप्रतिनिधियों तथा कला-संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वालों का सम्मान समारोह आयोजित करने की बात कही।
जांजगीर-चांपा जिले के अध्यक्ष पित्रेश उजागर ने बताया कि आगामी समय में अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में संत गाडगे जयंती एवं मूर्ति अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश संरक्षक ज्ञान सिंह निर्मलकर, प्रदेश अध्यक्ष विश्राम निर्मलकर, महासचिव निलेश नर्मदा रजक, कोषाध्यक्ष महेश कर्ष, प्रदेश सलाहकार परसराम निर्णेजक, संभागीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत निर्णेजक सहित संभाग, जिला एवं बिलासपुर महानगर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
